कल से खुलेंगे श्री हेमकुंड साहिब के कपाट जानिए किन नियमों का पालन करना है जरूरी। Uttarakhand 24×7 Live news
सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट कल 20 मई से खुल रहे हैं। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं के लिए जहां एक और प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है तो वहीं कानून व्यवस्था को लेकर भी पूरी सक्रियता दिखाई जा रही है। उत्तराखंड के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का सक्रियता के साथ पालन कराया जाएगा इसके साथ साथ अन्य चीजों पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान धार्मिक भावना का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा। आपको बता दें कि तीर्थ यात्रा के दौरान कई बार दुपहिया वाहनों पर 3- 3 सवारियां बिठाकर लोग ले जाते हैं। इसके अलावा अन्य वाहनों में भी यातायात के नियमों की अनदेखी की जाती है। इस यात्रा के दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सिख समुदाय के लोग 19 किमी की कठिन चढ़ाई के बाद श्री हेमकुंट साहिब पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने तीर्थ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। गोबिंदघाट से पुलना तक वाहनों का किराया भी तय कर दिया गया है। कल 20 मई की सुबह श्रद्धालुओं का जत्था श्री हेमकुंड साहिब पहुंचेगा। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट खोले जाएंगे। इसके लिए दोनों धामों को फूलों से सजाया जा रहा है।
