जन औषधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बड़ी घोषणा। Uttarakhand 24×7 Live news।
जन औषधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी मेडिकल कालेजों में कैथ लैब बनाए जाने की बड़ी घोषणा की है। इसके साथ ही अब राज्य के सभी चिकित्सा इकाइयों में एमआरआई, सिटी स्कैन की पूरी व्यवस्था करने के साथ ही टेक्निशियन की कमी को भी पूरा किया जायेगा। जन औषधि दिवस के अवसर पर सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन औषधि के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले डॉ. पूनीत धमीजा, जन औषधि मित्र के रूप में श्रेष्ठ कार्य करने वाले मुकुल अग्रवाल और जन औषधि ज्योति के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने वाली कुसुम गोयल को सम्मानित किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में अनेक कार्य कर रही है। जन औषधि योजना के अंर्तगत सरकार कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जन औषधि योजना सेवा और रोजगार दोनों का एक सशक्त माध्यम बन गई है। इस योजना से सिर्फ पुरुषों को ही नहीं बल्कि महिलाओं को भी बहुत लाभ हुआ है। देशभर में एक हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्र तो ऐसे हैं, जिन्हें सिर्फ महिलाएं ही चला रही हैं। यह योजना बेटियों की आत्मनिर्भरता को भी बल दे रही है। इस योजना द्वारा पहाड़ी क्षेत्रों में, मलिन बस्तियों में, जनजातीय तथा पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले देशवासियों तक सस्ती दवा पहुंचाने में मदद मिल रही है। प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ राजेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मैया कराने के लिए हर स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं।
