देहरादून समाधान दिवस: 109 शिकायतों पर डीएम डॉ. आशीष चौहान का एक्शन, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून। आमजन की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान 109 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता और सार्वजनिक सेवाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
जनसुनवाई के दौरान एक 75 वर्षीय विधवा महिला ने पारिवारिक उत्पीड़न और सुरक्षा की गुहार लगाई, जिस पर जिलाधिकारी ने महिला सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा, सड़क चौड़ीकरण के मुआवजे, लखवाड़ बांध परियोजना के पुनर्स्थापन अनुदान, पेयजल आपूर्ति, अवैध अतिक्रमण और डेयरी संघ में कथित अनियमितताओं सहित कई मामलों में संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
इसके अलावा देहरादून–डोईवाला–भानियावाला–जौली–थानो मार्ग पर बस सेवा संचालित न होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तलब किया और समाधान के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
