कांवड़ मेला 2026 : उत्तराखंड पुलिस अलर्ट, सुरक्षा तैयारियां अंतिम चरण में। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260727-WA0107.jpg

30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने देहरादून, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में कांवड़ ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें। किसी भी समस्या का त्वरित समाधान कर श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पार्किंग स्थलों, डायवर्जन प्लान और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
अस्थायी दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और किरायेदारों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मानसून के मद्देनज़र संभावित भारी बारिश, भूस्खलन और जलभराव जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी संसाधन और संचार व्यवस्था हर समय सक्रिय रखी जाए।
उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed