धराली उत्तरकाशी में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान जारी। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून,उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। केंद्र और राज्य सरकारों ने राहत कार्यों में पूरी ताकत झोंक दी है। खराब मौसम के बावजूद मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं ग्राउंड ज़ीरो पर पहुँचकर स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं और राहत कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर बातचीत कर धराली क्षेत्र में राहत-बचाव की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन को मिली तेज़ी:
भारतीय सेना, ITBP, BRO, NDRF, SDRF, और पुलिस बल पूरी ताकत से राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
सेना के 125 जवान और अधिकारी, तथा ITBP के 83 जवान राहत अभियान में सक्रिय हैं।
BRO की टीमें अवरुद्ध सड़कों को खोलने का कार्य कर रही हैं ताकि राहत पहुँचाई जा सके।
हवाई मदद तेज़ – हेलीकॉप्टरों की तैनाती:
रेस्क्यू अभियान में तेज़ी लाने के लिए 2 चिनूक और 2 MI-17 हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर तैनात किए गए हैं।
चिनूक और MI-17 हेलिकॉप्टरों के माध्यम से फंसे हुए लोगों को निकाला जा रहा है और राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं की भी पूरी तैयारी:
देहरादून और ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पतालों में विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं।
आपदा से प्रभावित लोगों की मानसिक स्थिति को देखते हुए विशेष रूप से प्रशिक्षित मनोचिकित्सकों को भी प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है।
सरकारी निर्देश और संकल्प:
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाए। राज्य सरकार और केंद्र सरकार की सभी एजेंसियाँ समन्वय से युद्धस्तर पर काम कर रही हैं ताकि हर जरूरतमंद तक मदद पहुँचाई जा सके।
