आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए तकनीक और पारंपरिक ज्ञान का समन्वय जरूरी राज्यपाल। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आधुनिक तकनीक के साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने अर्ली वार्निंग सिस्टम मजबूत करने, डॉप्लर रडार की संख्या बढ़ाने और ग्राम स्तर पर स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के लोग लंबे समय से प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक और सतर्क रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों के पारंपरिक ज्ञान और अनुभव को वैज्ञानिक तकनीक के साथ जोड़कर आपदा प्रबंधन की रणनीति तैयार की जानी चाहिए।
उन्होंने आम लोगों तक समय पर आपदा अलर्ट पहुंचाने के लिए मोबाइल, एसएमएस, सोशल मीडिया और सामुदायिक रेडियो का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, नियमित मॉक ड्रिल और शिक्षकों को प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने दुर्गम क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ड्रोन, सैटेलाइट तकनीक और हेली रेस्क्यू की क्षमता बढ़ाने के साथ हेलीपैडों को आपातकालीन उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वसुंधरा ताल में अर्ली वार्निंग सिस्टम की स्थापना को भी महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस दौरान सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने राज्य में आपदा पूर्व तैयारियों, राहत-बचाव कार्यों और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल को सभी निर्देशों पर शीघ्र अमल का भरोसा दिलाया।
