सीएम धामी ने आंध्र प्रदेश का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में मंगलवार को बादल फटने की भीषण घटना ने भारी तबाही मचाई है। इस घटना में कई घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ लोगों के लापता होने की भी सूचना है। मौसम विभाग पहले ही प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर चुका था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश का अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर तुरंत देहरादून लौटकर राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। उन्होंने राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में हर संभव मदद तत्काल पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, प्रशासनिक अमला और स्थानीय पुलिस समन्वय के साथ राहत और बचाव कार्यों को तेज़ करें। प्रभावित परिवारों को अस्थायी शिविरों में शिफ्ट किया जा रहा है और आवश्यक भोजन, पानी व स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि प्रभावित लोग तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है और किसी भी जरूरतमंद को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति सामान्य होने तक वह लगातार हालात की निगरानी करते रहेंगे।
