खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को किया बेहोश, लाखों की नकदी-ज्वैलरी लेकर नौकर फरार। Uttarakhand 24×7 Live news
अगर आपके घर में भी कोई घरेलू नौकर काम करता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक भाजपा पार्षद के घर में काम करने वाले नौकर पर पूरे परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने और उसके बाद लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान लेकर फरार होने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपी नौकर की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं।
जानकारी के मुताबिक नेपाल मूल के भारत थापा को करीब 20 दिन पहले दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से घर में खाना बनाने के लिए रखा गया था। आरोप है कि बीती रात नौकर ने पार्षद अमिता सिंह, उनके पति और बेटे को खाना खिलाया। खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य बेहोशी की हालत में सो गए।
देर रात अमिता सिंह को तबीयत खराब होने और चक्कर आने का एहसास हुआ। जब उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को देखा तो वे भी बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने जब सुबह मामले की जांच शुरू की तो घर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। हालांकि, घटना से पहले का एक सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें आरोपी नौकर भारत थापा परिवार के लिए खाना तैयार करता हुआ नजर आ रहा है।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही दिल्ली की उस एजेंसी से भी संपर्क किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आरोपी को घर में काम करने के लिए रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक घर की सेफ से लाखों रुपये की नकदी और ज्वैलरी गायब मिली है। वहीं शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि घर में काम पर रखने से पहले नौकर का स्थानीय पुलिस स्टेशन से सत्यापन नहीं कराया गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपी भारत थापा की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
