नेपाल की आपदा में उत्तराखंड ने बढ़ाया मदद का हाथ, राहत दल रवाना—सीएम धामी बोले, संकट की घड़ी में पूरी तरह नेपाल के साथ। Uttarakhand 24×7 Live news
नेपाल में आई आपदा के बाद उत्तराखंड ने मदद का हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सिर्फ पड़ोसी का नहीं, बल्कि गहरे सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों का संबंध है। ऐसे में नेपाल में आई आपदा के दृश्य बेहद पीड़ादायक हैं और इस मुश्किल घड़ी में उत्तराखंड पूरी तरह नेपाल के साथ खड़ा है।
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तत्काल नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया और रेस्क्यू दल भेजे गए। उत्तराखंड से भी एक दल नेपाल की सहायता के लिए रवाना हुआ है, जो करीब आठ से दस दिनों तक वहां रहकर राहत और सहायता कार्यों में सहयोग करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच लंबे समय से पारिवारिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं। खास तौर पर देहरादून में बड़ी संख्या में नेपाली मूल के लोग रहते हैं और दोनों क्षेत्रों के बीच लगातार आवागमन और सामाजिक संबंध बने हुए हैं।
सीएम धामी के मुताबिक उत्तराखंड से भेजा गया दल अपने साथ सहायता राशि लेकर गया है और वहां की परिस्थितियों का फीडबैक भी लेकर आएगा। इसके बाद नेपाल को जिस तरह की अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होगी, उत्तराखंड सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
