पूर्व प्रेमिका निकली फायरिंग की मास्टरमाइंड, 5 लाख में दी बैंककर्मी की हत्या की सुपारी। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260912-WA0036.jpg

देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ने ही उसकी हत्या की साजिश रची थी। प्रेमी के किसी दूसरी युवती से सगाई करने से नाराज प्रेमिका ने पांच लाख रुपये में उसकी हत्या की सुपारी दी थी।
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मालिया रहमान, उसके साथी मोहित को गिरफ्तार किया है, जबकि फायरिंग करने वाला आरोपी अंकित चौहान पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। एक अन्य आरोपी अंकुर अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, मालिया और घायल बैंककर्मी सत्यम कुमार के बीच करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। सत्यम की दूसरी युवती से सगाई के बाद दोनों के बीच दूरी बढ़ गई। इसके बाद मालिया ने अपने साथी मोहित के जरिए शूटर अंकित चौहान को पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी।
आरोप है कि 8 सितंबर को अंकित और उसके साथी अंकुर ने बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम की स्कूटी को रोककर उस पर फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
11 सितंबर को आरोपियों के दोबारा देहरादून आने की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान उनका पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में अंकित के पैर में गोली लगी, जबकि अंकुर फरार हो गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता मालिया और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से तमंचा, दो खोखे और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed