ऑपरेशन प्रहार: 120 पेटी शराब के साथ तीन गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासनगर क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने 120 पेटी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कुल्हाल चौकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। चेकिंग के दौरान पांवटा साहिब की ओर से आ रहे एक छोटा हाथी वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और शराब से भरे वाहन को भी सीज कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब को अवैध रूप से सप्लाई करने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शराब के स्रोत और इसके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
दून पुलिस का कहना है कि नशे और अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
