28 नवंबर को उत्तराखंड में 300 स्थानों पर होगी आपदा मॉक ड्रिल। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए राज्यव्यापी अभ्यास शुरू हो गया है। बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई, जिसमें सभी 13 जनपदों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में हुए इस अभ्यास में संभावित आपदाओं से निपटने, राहत-बचाव कार्यों, विभागीय समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
28 नवंबर को राज्य के सभी 13 जनपदों में 250 से 300 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित होगी। इसमें भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, जंगल की आग और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न एजेंसियां हिस्सा लेंगी। साथ ही राहत शिविरों की व्यवस्थाओं और स्थानीय समुदाय की आपदा से निपटने की क्षमता का भी परीक्षण किया जाएगा।
