हरिद्वार हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं की बस हादसे में महिला की मौत, 24 घायल। Uttarakhand 24×7 Live news
एक तरफ आस्था का सैलाब… और दूसरी तरफ हाईवे पर काल बनकर दौड़ती रफ्तार! हरिद्वार के सप्तऋषि इलाके में सोमवार की सुबह चीख-पुकार मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरी एक बस बीच हाईवे पर ही पलट गई! इस खौफनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 16 से ज्यादा लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं! पूरा वाकया सोमवार सुबह का है। शांतिकुंज गेट नंबर 3 के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राजस्थान के रहने वाले करीब 45 श्रद्धालुओं से भरी एक बस (नंबर- AR 06 C 0963) सर्विस लेन से हाईवे पर आने के लिए बैक हो रही थी। बस अभी हरिद्वार की तरफ मुड़ ही रही थी कि अचानक वो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गई! लेकिन कहानी सिर्फ इतनी नहीं है… इसी दौरान देहरादून के रायवाला की तरफ से एक तेज रफ्तार डंपर (नंबर- UK 08 CB 8077) वहां आ पहुँचा। डंपर के ड्राइवर ने जैसे ही बस को पलटते देखा, उसने बस को बचाने की नाकाम कोशिश की। रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर का डंपर से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया और वो डंपर सड़क किनारे बने एक ढाबे में जा घुसा! इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो गाड़ी भी इस डंपर की चपेट में आकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि मौके पर स्थानीय लोग और पुलिस बल तुरंत पहुंचे। शीशे तोड़कर, सीटों के बीच फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, बस में सवार सभी 45 से ज्यादा श्रद्धालु राजस्थान के नागौर जिले के रहने वाले थे, जो अपनों के साथ हरिद्वार दर्शन के लिए आए थे। इस हादसे में नागौर की ही रहने वाली एक महिला की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जो अपने भाई और परिवार के साथ देवभूमि आई थी। फिलहाल, 17 गंभीर घायलों को तुरंत हरिद्वार के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
ये हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है उस लापरवाही पर, जो चंद सेकेंड्स में हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ देती है। हाईवे पर गाड़ी बैक करते समय बरती गई असावधानी और डंपर की तेज रफ्तार ने आज एक परिवार का चिराग बुझा दिया और कई लोगों को अस्पताल के बेड पर पहुंचा दिया। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच में जुट गई।
