विक्रम शर्मा हत्याकांड,एक लाख का इनामी आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260513-WA0068.jpg

देहरादून के बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। 13 फरवरी 2026 को डालनवाला क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा की हत्या कोई अचानक हुई वारदात नहीं थी, बल्कि इसकी साजिश कई महीनों पहले से रची जा रही थी। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि हत्या को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने पहले नोएडा और दिल्ली में भी कई बार कोशिश की थी, लेकिन वहां सफलता नहीं मिलने पर आखिरकार देहरादून में योजना को अंजाम दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अंकित वर्मा लगातार विक्रम शर्मा की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। उसने जिम आने-जाने का समय, रूट और दिनचर्या की पूरी रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की पूरी साजिश बेहद सुनियोजित तरीके से तैयार की गई थी और वारदात को अंजाम देने के लिए अलग-अलग राज्यों से लोगों को शामिल किया गया।
पुलिस ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई गाड़ी, आरोपियों के ठहरने और अन्य खर्चों का भुगतान यूपीआई के जरिए किया गया था। डिजिटल ट्रांजैक्शन की मदद से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में अहम सुराग मिले। घटना के बाद आरोपी यशराज सिंह पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर सके।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार देहरादून के मुताबिक, इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने फरवरी महीने में देहरादून में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए थे। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है, वहीं मामले के पीछे की पूरी साजिश और संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच अभी भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed