उत्तराखण्ड आबकारी विभाग का उत्कृष्ट प्रदर्शन, राजस्व लक्ष्य में लगातार सफलता। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखण्ड आबकारी विभाग ने पिछले वर्षों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए राज्य के राजस्व सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विभाग ने प्रभावी रणनीति, पारदर्शिता और सुदृढ़ निगरानी के माध्यम से लगातार पाँच वर्षों से बेहतर प्रदर्शन किया है। विगत तीन वर्षों में लगभग शत-प्रतिशत राजस्व लक्ष्य हासिल किया गया है।
विशेष रूप से उधमसिंहनगर और नैनीताल जैसे मैदानी जनपदों में सात वर्षों के प्रयास के बाद इस वर्ष फुटकर मदिरा दुकानों का शत-प्रतिशत व्यवस्थापन सफलतापूर्वक किया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए 2604 करोड़ और 2027-28 के लिए 2693 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 90% से अधिक दुकानों का व्यवस्थापन पूर्ण हो चुका है। नैनीताल, उधमसिंहनगर, हरिद्वार, देहरादून सहित कई जनपदों में पूर्ण लक्ष्य प्राप्त किया गया है।
विभागीय प्रयासों से दुकानों के संचालन में पारदर्शिता और व्यवस्था आई है, जिससे राजस्व में वृद्धि और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिली हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 5400 करोड़ के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु विभाग सुदृढ़ प्रवर्तन, निगरानी और आधुनिक तकनीक पर विशेष ध्यान दे रहा है।
आयुक्त, आबकारी के निर्देशन में विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस वर्ष भी लक्ष्य प्राप्त कर राज्य के राजस्व में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रखेगा।
