पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर सीएम धामी ने अर्पित की श्रद्धांजलि। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून, महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक, प्रखर वक्ता और भारत रत्न से सम्मानित पं. गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने पं. पंत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि वे भारत के निर्माण में एक प्रेरणास्रोत स्तंभ थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और स्वतंत्र भारत के गृह मंत्री के रूप में पं. गोविंद बल्लभ पंत जी ने जो दूरदर्शी नेतृत्व और नीतिगत निर्णय लिए, उन्होंने देश को एक मजबूत लोकतंत्र की दिशा में आगे बढ़ाया। उनकी सोच और कार्यशैली आज भी हमें जनसेवा, राष्ट्रसेवा और समाज सुधार की प्रेरणा देती है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि पं. पंत जी ने संविधान निर्माण और भाषा नीति के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक योगदान दिया। उनके प्रयासों से हिंदी को राजभाषा का दर्जा प्राप्त हुआ, जो देश की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण था।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे पं. गोविंद बल्लभ पंत जी के आदर्शों को आत्मसात करें और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
