करन ने मनाया एक साल का जश्न। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अपने एक साल के कार्यकाल को सबसे सफल कार्यकाल बताया। इस मौके पर कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने केक काटकर अपने एक साल के कार्यकाल के पूरा होने का जश्न मनाया। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कार्यक्रम के लिए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। आपको बता दें कि पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को हटाकर 10 अप्रैल 2022 को करन माहरा को पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। करन माहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार की तमाम नीतियों और विफलताओं को उजागर किया। करन माहरा ने कहा कि चाहे अंकिता हत्याकांड हो, पेपर लीक मामला हो या फिर अन्य आपराधिक घटनाएं सभी में बीजेपी के नेताओं की मौजूदगी से साफ है कि हर बुरी घटना के पीछे बीजेपी नेताओं का हाथ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों में जिस तरह से विपक्षियों की जुबान बंद करने के लिए ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है उसका हमने विरोध किया है।
