स्पोर्ट्स कोटे से जल्द शुरू होगी पुलिस की भर्ती। Uttarakhand24×7livenews
देहरादून राजधानी देहरादून में 11वीं राष्ट्रीय पुलिस तीरंदाजी चैंपियनशिप की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में 26 राज्यों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित इस चैंपियनशिप में काफी संख्या में पुलिस बल के जवान और खिलाड़ी मौजूद रहे। सीएम धामी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि उत्तराखंड पुलिस में जल्द खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आपको बता दें कि 11 साल बाद खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। 2011 से खेल कोटे से भर्ती बंद थी। सीएम ने अब जल्द भर्ती शुरू किए जाने के बात कही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गुरु द्रोणाचार्य की नगरी में यह आयोजन काफी सुखद अनुभूति है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में नई खेल नीति लागू हो गई है। इससे खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और उनको बेहतर विकल्प के साथ आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस बात के लिए आभार जताया है पुलिस भर्ती प्रक्रिया में आप जल्द ही खेल कोटे से भर्ती शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति में इस तरह का प्रावधान है पर अभी तक इसके लिए शासनादेश जारी नहीं किया गया है। इसी को लेकर ही सीएम धामी से अनुरोध किया गया। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस बात का संज्ञान लिया है। सीएम के संज्ञान लेने के बाद उन्होंने जल्द ही इस प्रावधान को लागू करने की बात कही है।
