ऑपरेशन कालनेमि के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई। Uttarakhand 24×7 Live news
वशीकरण का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
देहरादून में वशीकरण और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पटेलनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग नामों के आठ आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक और अन्य फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में 100 से अधिक लोगों से ठगी करने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत पटेलनगर पुलिस ने चमन विहार फेज-1 स्थित आशियाना होम्स में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान मुजफ्फरनगर निवासी शाहरुख और शामली निवासी सलमान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को तांत्रिक, ज्योतिषाचार्य और वशीकरण विशेषज्ञ बताकर लोगों की पारिवारिक और अन्य समस्याएं दूर करने का झांसा देते थे। ठगी की रकम हासिल करने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते भी खुलवाए थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद दस्तावेजों और ठगी की रकम के लेन-देन की जांच की जा रही है।
