पटेलनगर में देह व्यापार का भंडाफोड़, सरगना समेत 6 गिरफ्तार, नाबालिग रेस्क्यू। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस ने किराये के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दिल्ली से लाई गई एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को पकड़ा गया। आरोप है कि मुख्य आरोपी किराये का कमरा लेकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाता था और व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें उपलब्ध कराता था।
पुलिस का कहना है कि नाबालिग युवती को मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था और गलत काम से इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाया गया। मौके से 18 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। मामले में पॉक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
