रामपुर तिराहा शहीदों को श्रद्धांजलि, शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड राज्य निर्माण के आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड आंदोलन के इतिहास का बहुत ही दुख भरा दिन है। इसी दिन दिल्ली जाते समय आंदोलनकारियों पर गोली चली, लाठीचार्ज हुआ और मातृशक्ति के साथ दुर्व्यवहार हुआ था। आज उनकी बरसी पर हम उन सभी बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि हम संकल्प लेते हैं कि शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे। महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और राज्य की संभावनाओं पर काम कर हिंदुस्तान का श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प आगे बढ़ाएंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में लागू किए गए कानूनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हमने UCC, दंगा रोकने, धर्मांतरण रोकने और नकल विरोधी सख्त कानून बनाए हैं। नकल पर रोक लगने से 35 हजार से ज्यादा नियुक्तियां बिना पर्ची-खर्ची के हुई हैं।
वहीं 13 हजार एकड़ जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और लैंड जिहाद, लव जिहाद पर सरकार की सख्ती का भी उन्होंने उल्लेख किया।
