देहरादून में मासिक अपराध गोष्ठी, एसएसपी के कड़े तेवर। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में एसएसपी ने मासिक अपराध गोष्ठी के दौरान अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के साथ थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारी की भी जवाबदेही तय होगी।
आगामी चुनावों के मद्देनजर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को चिन्हित कर गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। भूमि धोखाधड़ी और नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रैश ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण और जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
