स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। Uttarakhand 24×7 Live news
स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 कार्मिकों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
पुलिस मुख्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 8 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा के आधार पर, जबकि 6 पुलिस कार्मिकों को विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
सेवा के आधार पर पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर एवं एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय एवं विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरीबर सिंह रावत, निरीक्षक मोहम्मद यासीन और 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चंद्र शामिल हैं।
वहीं, विशिष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक मरणोपरांत निरीक्षक अभिसूचना एलआईयू देहरादून स्वर्गीय मनोज मनराल और उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल स्वर्गीय विनोद कुमार को प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल को भी विशिष्ट कार्य के लिए इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान से पूरे पुलिस बल को अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के इन 14 कार्मिकों को मिलने वाला यह सम्मान उनके उत्कृष्ट सेवाभाव और कर्तव्य के प्रति समर्पण को सम्मानित करेगा।
