चमोली की टीएचडीसी टनल में मलबा-पानी भरने से 18-19 लोग फंसे, 16 सुरक्षित रेस्क्यू; युद्धस्तर पर अभियान जारी। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून। जनपद चमोली के पीपलकोटी क्षेत्र के मायापुर में निर्माणाधीन टीएचडीसी टनल में आज शाम मलबा एवं पानी भरने की घटना सामने आई। शाम लगभग 7:05 बजे टनल में 18 से 19 व्यक्तियों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ सहित संबंधित एजेंसियों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रारंभिक कार्रवाई में 16 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि शेष व्यक्तियों की सुरक्षित निकासी के लिए अभियान लगातार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। राहत एवं बचाव अभियान में सभी उपलब्ध संसाधनों एवं उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा टनल में फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाने और उन्हें शीघ्र बाहर निकालने के लिए अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल SDRF की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
माननीय मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं तथा स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी
देहरादून। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टनल में फंसे लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। सुमन ने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता टनल में फंसे सभी व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालना है और इसके लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन एवं विशेषज्ञ दल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला प्रशासन एवं राहत-बचाव से जुड़ी सभी एजेंसियां घटनास्थल पर समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं। रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है तथा घटनाक्रम से संबंधित विस्तृत एवं अद्यतन जानकारी प्राप्त होने पर साझा की जाएगी।
