उत्तराखंड में 9 सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूती को मंजूरी, 235.42 किमी सड़कों पर खर्च होंगे 297.37 करोड़। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी है कि सीआरआईएफ यानी केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि के तहत उत्तराखंड में कुल 235.42 किलोमीटर लंबाई की 9 सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूती के कार्यों को मंजूरी दी गई है।
इन सड़क परियोजनाओं पर करीब 297 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत आएगी।
केंद्र की इस मंजूरी से प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने की उम्मीद है। सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय लोगों, पर्यटकों और व्यापारिक गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।
उत्तराखंड सरकार की ओर से केंद्र सरकार के इस सहयोग का स्वागत करते हुए कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की प्रतिबद्धता से प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।
खास बात यह है कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में बेहतर सड़क नेटवर्क न केवल विकास की रफ्तार बढ़ाएगा, बल्कि पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा।
