दिल्ली में पहली Land Border SPs Conference, उत्तराखंड पुलिस के स्मार्ट बॉर्डर मॉडल की सराहना। Uttarakhand 24×7 Live news
देश की पहली Land Border District SPs Conference-2026 नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सम्मेलन में उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ सहित राज्य के पांचों अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती जिलों के एसपी शामिल हुए।
उत्तराखंड पुलिस ने सम्मेलन में आधुनिक तकनीक से सीमा निगरानी, सीमा-पार अपराधों पर रोक, स्थानीय खुफिया तंत्र को मजबूत करने और सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर समन्वय से जुड़े सुझाव साझा किए। चंपावत की एसपी रेखा यादव ने ‘Five Pillars of Community Force Multiplication’ मॉडल और सीमांत क्षेत्रों में आयोजित ‘रात्रि चौपाल’ जैसी पहलों की प्रस्तुति दी। वहीं पिथौरागढ़ के ‘गुंजी मॉडल’ को रिवर्स माइग्रेशन के सफल उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ‘स्मार्ट बॉर्डर’ की अवधारणा के तहत सीमा सुरक्षा को और मजबूत कर रही है। उन्होंने अगले तीन वर्षों में नशा तस्करी और घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण तथा सीमांत गांवों के विकास पर विशेष जोर दिया।
डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि सम्मेलन में साझा किए गए अनुभव और नवाचार उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, विकास और जनसहभागिता को और मजबूत करने में मददगार साबित होंगे।
