समग्र शिक्षा के निर्माण कार्यों में तेजी, अधूरे प्रोजेक्ट जल्द पूरे करने के निर्देश मंत्री। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260709-WA0111.jpg

उत्तराखंड सूबे में समग्र शिक्षा के तहत संचालित विभिन्न निर्माण कार्य समयबद्ध पूर्ण हो इसके लिये विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। योजना के अंतर्गत विभिन्न वित्तीय वर्षों के अधूरे पड़े कार्यों को ससमय पूरा करने के साथ ही नये निर्माण कार्यों को भी निश्चित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने को कहा गया है। इसके अलावा समग्र शिक्षा व पीएम-श्री विद्यालयों में स्थापित होने वाले विभिन्न वर्चुअल क्लासेज के कार्यों में भी तेजी लाने को कहा गया है। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाली कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दे दिये गये है।

सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने आज विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय स्थित सभागार में समग्र शिक्षा परियोजना की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने समग्र शिक्षा के अन्तर्गत निर्माण कार्यों में हो रही लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुये कहा कि परियोजना के अंतर्गत विगत वित्तीय वर्षों में स्वीकृत निर्माण कार्य अभी तक अधूरे पड़े हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्राथमिक व माध्यमिक स्तर पर अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। डाॅ. रावत ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2018-19 से लेकर वित्तीय वर्ष 2025-26 तक प्राथमिक व माध्यमिक स्तर पर 7803 निर्माण कार्य स्वीकृत हुये हैं जिसमें से 5735 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके हैं जबकि 1068 निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अधूरे पड़े निर्माण कार्यों के साथ ही नवीन कार्यों को भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये। इसके लिये उन्होंने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक सप्ताह महानिदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों में लेटलतीफी करने वाले कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई करने को उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिये। विभागीय मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 12 स्पोर्ट्स काॅम्पलैक्स के निर्माण कार्य दो सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।

विभागीय मंत्री डाॅ. रावत ने 266 डिजिटल लाइब्रेरी, समग्र शिक्षा व पीएम-श्री विद्यालयों में स्वीकृत 1203 आईसीटी क्लासेज तथा 2320 स्मार्ट क्लासेज को स्थापित किये जाने संबंधी कार्यों में तेजी लाकर उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये, ताकि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को आधुनिक एवं गुणवत्तपूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed