भाजपा प्रकोष्ठों को सीएम धामी का मंत्र, सेवा और जनसंपर्क से मजबूत करें संगठन। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण से भाजपा अजेय बनी है। उन्होंने प्रकोष्ठों से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने आपदा प्रबंधन, स्वयं सहायता समूह, पर्यटन और अन्य प्रकोष्ठों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को जनसेवा और जनजागरण के माध्यम से संगठन को मजबूत करना होगा।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ से ब्लॉक स्तर पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर टीम तैयार करने और स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ से महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन प्रकोष्ठ राज्य में बढ़ते धार्मिक और पर्यटन विकास की जानकारी युवाओं तक पहुंचाए।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को मंडल स्तर तक संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का लक्ष्य दिया।
