अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन मॉडल। Uttarakhand 24×7 Live news
आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्तराखंड का मॉडल अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सराहा जा रहा है। ओडिशा के पुरी में आयोजित ब्रिक्स डिजास्टर रिस्क रिडक्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल को विशेष प्रशंसा मिली।
बैठक में 11 ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड की ओर से एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी और यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार ने राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली और त्वरित राहत-बचाव तंत्र पर प्रस्तुति दी।
सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू और धराली आपदा प्रबंधन को कठिन परिस्थितियों में सफल संचालन के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन में उत्तराखंड की बहु-एजेंसी समन्वय व्यवस्था, तकनीक आधारित निगरानी और एसडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की भी सराहना हुई।
अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए तकनीक, प्रशिक्षण और समन्वय पर लगातार काम किया जा रहा है। यह उपलब्धि उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के प्रयासों को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता मानी जा रही है।
