केशव नेगी प्रकरण पर सीएम धामी की दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता से वार्ता, निष्पक्ष जांच का भरोसा। Uttarakhand 24×7 Live news
दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड के निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बातचीत की है। मुख्यमंत्री धामी ने इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की अपेक्षा जताई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से दूरभाष पर वार्ता कर मालवीय नगर अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड निवासी केशव नेगी के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष तरीके से की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित जांच एजेंसियां पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई को सामने लाएंगी तथा दोषी और निर्दोष के बीच स्पष्ट अंतर स्थापित होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी बातचीत कर परिवार का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों और देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे सभी प्रवासी उत्तराखंडियों के हितों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हर परिस्थिति में अपने प्रवासी भाई-बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
