मासूम भरोसा खाकी के प्रति सम्मान की अनोखी मिसाल। Uttarakhand 24×7 Live news
पुलिस कार्यालय देहरादून में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले फरियादियों के बीच उस दिन एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। भीड़ के बीच एक नन्ही और प्यारी सी बच्ची अपने छोटे-छोटे हाथों में रंग-बिरंगे फूलों का सुंदर गुलदस्ता लिए एसएसपी देहरादून से मिलने के लिए पहुंची।
जब बच्ची की मुलाकात एसएसपी देहरादून से हुई तो उसने अपनी प्यारी सी मुस्कान के साथ वह गुलदस्ता उन्हें भेंट किया। बच्ची की मासूमियत और सादगी ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल छू लिया।
एसएसपी देहरादून ने जब मुस्कुराते हुए बच्ची से पूछा कि इतनी छोटी सी उम्र में वह कप्तान अंकल से मिलने क्यों आई है, तो बच्ची ने बड़ी मासूमियत से जवाब दिया—
“चाहे दिन हो या रात, पुलिस वाले अंकल हमेशा सड़क पर खड़े होकर हमारी रक्षा करते हैं।”
बच्ची की बातों के दौरान उसकी आंखों में पुलिस की वर्दी के प्रति कोई डर नहीं, बल्कि सम्मान और आकर्षण साफ दिखाई दे रहा था। उसकी मासूम मुस्कान और पुलिस पर जताए गए भरोसे को देखकर एसएसपी देहरादून भी भावुक हो गए।
उन्होंने स्नेहपूर्वक बच्ची के सिर पर हाथ रखकर उसे जीवन में खूब तरक्की करने का आशीर्वाद दिया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह छोटी सी मुलाकात सिर्फ एक शिष्टाचार नहीं थी, बल्कि खाकी वर्दी के प्रति एक मासूम चेहरे के भरोसे और सम्मान का सुंदर प्रतीक थी।
