साड़ी में दौड़ीं महिलाएं, देहरादून में “साड़ी गौरव मैराथन” का आयोजन। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय द्वारा “साड़ी गौरव मैराथन” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें महिलाओं ने पारम्परिक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन की शुरुआत नारी निकेतन चौराहा, दून विश्वविद्यालय रोड से हुई और 2 तथा 3 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती गीता खन्ना रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन में 70 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। 2 किलोमीटर दौड़ में नविता प्रथम, रेखा चौहान द्वितीय और मीनू तड़ियाल तृतीय रहीं, जबकि 3 किलोमीटर दौड़ में गीता बहुगुणा प्रथम, रियांका द्वितीय और ऋतु तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और यह संदेश देना था कि महिलाएं अपनी परम्पराओं को संजोते हुए हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकती हैं।
