देहरादून पुलिस ने एक बार फिर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून पुलिस ने एक बार फिर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है।
एसएसपी देहरादून के दमदार नेतृत्व में दून पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई लूट की सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा किया है।
इस मामले में पुलिस ने घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को शत-प्रतिशत लूटे गए माल के साथ गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस लूट कांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि वादी का पूर्व ड्राइवर ही निकला।
दिनांक 18 जनवरी 2026 की तड़के थाना राजपुर को सूचना मिली कि राजपुर रोड स्थित सांकिया हॉस्पिटल के समीप भुवन गांधी के आवास पर अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी बुजुर्ग माता को डरा-धमकाकर लूट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
पीड़िता ने बताया कि उनके पुत्र 16 जनवरी को दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान 17 जनवरी की रात दो अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुसे और अलमारी में रखी ज्वैलरी व नगदी लूटकर मोबाइल फोन सहित फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा कई पुलिस टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सतत चेकिंग के आधार पर 21 जनवरी 2026 को पुलिस ने किरसाली चौक से मालदेवता रोड के बीच तीन अभियुक्तों —
शफात अली, नदीम उर्फ गुड्डू और इश्तियाक उर्फ कुले — को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में मुख्य अभियुक्त शफात अली ने खुलासा किया कि वह पहले वादी के घर ड्राइवर था और कोरोना काल में नौकरी से निकाल दिया गया था। उसे घर की पूरी जानकारी थी और यह भी पता था कि घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। बुजुर्ग महिला के घर में अकेले होने की जानकारी मिलने पर उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 08 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी, 1 लाख 54 हजार रुपये नगद, पीड़िता का आईफोन और घटना में प्रयुक्त वैगन-आर कार बरामद की है।
इस सफल खुलासे में थाना राजपुर पुलिस टीम और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही।
दून पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता।
