ड्रग्स के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी , ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में 150 छात्रों की रैंडम टेस्टिंग। Uttarakhand 24×7 Live news
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्रग्स के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 3 बड़े संस्थानों में छात्रों की रैंडम सैंपलिंग की गई है। इसी क्रम में आज ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में 150 छात्र-छात्राओं का ड्रग टेस्ट किया गया।
डीएम सविन बंसल ने कहा कि इस ड्राइव का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों और किशोरों को नशे के दुष्प्रभाव से बचाना है। उन्होंने छात्रों व अभिभावकों से अपील की कि वे इस टेस्टिंग से न घबराएँ और प्रशासन का सहयोग करें।
डीएम ने साफ चेतावनी दी कि यदि किसी संस्थान में कोई विद्यार्थी ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया, तो संबंधित डीन या संस्थान स्वामी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के नशामुक्त राज्य के विजन को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन सख्त और बड़े कदम उठा रहा है।
जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में एंटी-ड्रग्स कमेटी को सक्रिय करने, एक छात्र व एक छात्रा को शामिल करने, तथा ड्रग्स की सूचना देने हेतु मानस हेल्पलाइन नंबर 1933, एनसीवी मानस पोर्टल, और जिला डी-एडिक्शन हेल्पलाइन 9625777399 का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा रायवाला में 30 बेड का नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त एम्स के साथ किए गए एमओयू के तहत 10 बेड इंटेंसिव थेरेपी के लिए रिज़र्व रखे गए हैं। प्रशासन की अपनी एंटी-ड्रग्स हेल्पलाइन 9625777399 भी सक्रिय है।
