कुमारी शैलजा ने ली कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक, संगठन सृजन अभियान का किया ऐलान। Uttarakhand 24×7 Live news
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा आज देहरादून पहुंचीं, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक की। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में कुमारी शैलजा ने बताया कि कांग्रेस अब उत्तराखंड में “संगठन सृजन कार्यक्रम” की शुरुआत करने जा रही है। उन्होंने बताया कि गुजरात में इस अभियान को जबरदस्त सफलता मिली है और अब उसी मॉडल को उत्तराखंड में लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत हर जिले में एक पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) केंद्र से भेजा जाएगा। ये ऑब्जर्वर न केवल संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूती देंगे, बल्कि जिले के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनके सुझाव और समस्याएं भी जानेंगे। संगठन सृजन अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा देने का लक्ष्य रखा गया है।
कुमारी शैलजा ने यह भी संकेत दिए कि कांग्रेस आने वाले समय में उत्तराखंड में एकजुटता और जनसंपर्क के नए अभियान शुरू करेगी, ताकि जनता से मजबूत रिश्ता कायम किया जा सके।
