त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर सीएम धामी की बधाई। Uttarakhand 24×7 Live news
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों को मिली प्रचंड और ऐतिहासिक विजय पर सभी विजयी प्रत्याशियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में 11 में से 10 जिला पंचायत सीटों और बड़ी संख्या में ब्लॉक प्रमुख सीटों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हमारे संगठन की एकजुटता, जनसेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों में जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।
सीएम धामी ने आगे कहा कि यह विजय हमारी सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली, विकासोन्मुखी दृष्टिकोण और संगठन के सतत परिश्रम का प्रतिफल है। पूरे प्रदेश में जिस तरह से हमें व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है, वह इस बात का संकेत है कि जनता हमारी नीतियों और योजनाओं से जुड़ाव महसूस कर रही है।
यह ऐतिहासिक जनसमर्थन न केवल जनता और जनप्रतिनिधियों के विश्वास का प्रतीक है, बल्कि यह हमारे संकल्प, सेवा और विकास की निरंतर यात्रा को और गति देने की प्रेरणा भी है। हम इस जनादेश को जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।
