मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड डीजीपी एवं डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक द्वारा लिखी गई पुस्तक साइबर एनकाउंटर का विमोचन किया। Uttarakhand 24×7 Live news
वर्तमान समय में साइबर क्राइम का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। पुलिस के लिए इसे रोकना सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। इसी विषय को लेकर उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार और डीआरडीओ के पूर्व वैज्ञानिक ओपी मनोचा ने एक पुस्तक लिखी है। राजधानी देहरादून में इस पुस्तक का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विमोचन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साइबर एनकाउंटर्स’’ पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा कि ये लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में जहां एक ओर सच्ची घटनाओं का जिक्र करते हुए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया है, वहीं दूसरी ओर पुस्तक मनोरंजक भी है। पुस्तक का एक-एक पृष्ठ लोगों को साइबर क्राइम से बचाव के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर क्राइम आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती है और प्रदेश के डीजीपी द्वारा इस चुनौती के सम्बन्ध में जनता को जागरूक करना इस पुस्तक की प्रासंगिकता को और भी अधिक बढ़ा देता है। आज जैसे-जैसे तकनीक विकसित होती जा रही है, वैसे-वैसे साइबर क्राइम का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है।
