14 लाख की लूट में दो और आरोपी गिरफ्तार, गुप्तकाशी से दबोचे। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में दून पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 82 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके कब्जे से कुल 3 लाख 2 हजार रुपये की बरामदगी की गई है।
दरअसल, बीती 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान पटेलनगर क्षेत्र में इंद्रेश अस्पताल के पास कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की और पैसों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 नवंबर को तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया था। वहीं, 10 नवंबर को कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
वहीं, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों सिद्धांत बडोनी और दीपक सिंह शेखावत को गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सिद्धांत बडोनी के कब्जे से 40 हजार रुपये और दीपक सिंह शेखावत से 42 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। इस लूटकांड में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस के अनुसार कुल 3 लाख 2 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
