शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदारनाथ के कपाट, ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई डोली। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20261111-WA0024.jpg

विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद हुए। इसी के साथ इस वर्ष की केदारनाथ धाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के 4 बजे से विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। सभी धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के बाद कपाट बंद किए गए। इस दौरान पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा। मौके पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। बाबा की डोली को विदाई देते समय श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भावुक नजर आए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली का पहला रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। इसके बाद आगामी छह महीनों तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान यहीं संपन्न होंगे। श्रद्धालु इस दौरान ऊखीमठ पहुंचकर बाबा के दर्शन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed