डोईवाला में होमस्टे पर आबकारी विभाग की छापेमारी, अवैध शराब बरामद। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 21 अक्टूबर को आबकारी विभाग की टीम ने डोईवाला थाना क्षेत्र के नकरौंदा स्थित एक होटल,होमस्टे पर छापेमारी की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अंग्रेजी और देशी शराब के साथ बीयर की बड़ी खेप बरामद की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आबकारी आयुक्त के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी देहरादून के.पी. सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग अपराध निरोधक क्षेत्र-3 ऋषिकेश की टीम, सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, प्रवर्तन दल देहरादून की टीम ने मुखबिर की सूचना पर नकरौंदा स्थित पंवार नाम के होटल,होमस्टे में दबिश दी।
होटल की तलाशी के दौरान टीम को 12 क्वार्टर ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की, 10 क्वार्टर रॉयल स्टैग व्हिस्की, 23 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, 11 हाफ इंपीरियल ब्लू व्हिस्की, इंपीरियल ब्लू की एक बोतल और मैकडॉवेल्स व्हिस्की के पांच क्वार्टर बरामद हुए। इसके अलावा 90 पाउच माल्टा देशी शराब और बीयर के 31 कैन भी बरामद किए गए।
आबकारी विभाग ने मौके से आरोपी रिंकू सरोज, पुत्र निहत सरोज, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
