दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा स्वच्छता अभियान, शहर से उठा 40 टन कूड़ा। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत परेड ग्राउंड समेत शहर के कई इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें करीब 40 टन कूड़ा उठाया गया। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम कर्मियों और जीजीआईसी राजपुर की छात्राओं के साथ खुद सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
दशहरा के बाद परेड ग्राउंड परिसर से करीब 10 टन कूड़ा एकत्र किया गया, जबकि पटेलनगर, हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज और रेसकोर्स समेत अन्य स्थानों से लगभग 30 टन कूड़ा उठाया गया। डीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और उसके उचित निस्तारण के लिए लोगों को जागरूक होना होगा।
डीएम डॉ. आशीष चौहान के मुताबिक, दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक जिले में लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और बाजारों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रिस्पना नदी समेत अन्य चिन्हित स्थानों पर भी अभियान चलाने की योजना है।
प्रशासन ने कूड़े के बेहतर प्रबंधन के लिए गीले-सूखे और जैव अपघटनीय व गैर-जैव अपघटनीय कचरे को अलग-अलग रखने और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए हैं। नगर निगम देहरादून और ऋषिकेश समेत संबंधित निकायों के सहयोग से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन की अपील है कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए लोग कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
