दिल्ली CJP के मंच पर पहुँचा उत्तराखंड पुलिस का सिपाही, पहले से था निलंबित, अब होगी बड़ी कार्रवाई। Uttarakhand 24×7 Live news
दिल्ली में CJP के मंच से बेरोजगारों के समर्थन में भाषण देने और अपने कथित इस्तीफे की घोषणा करने वाले उत्तराखंड पुलिस के कांस्टेबल शेर सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।
वीडियो सामने आने के बाद कुमाऊँ परिक्षेत्र की आईजी निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट किया कि शेर सिंह पिथौरागढ़ में कांस्टेबल के पद पर तैनात था, लेकिन वह 20 जून 2026 से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा था। लगातार अनुपस्थिति के चलते उसे 20 जुलाई 2026 को निलंबित कर दिया गया था।
आईजी ने बताया कि शेर सिंह का आचरण पहले भी विवादित रहा है और उसके खिलाफ विभागीय एवं अन्य मामलों का रिकॉर्ड मौजूद है। उन्होंने कहा कि एक निलंबित पुलिसकर्मी द्वारा राजनीतिक या आंदोलनकारी मंच पर जाकर विभाग का नाम इस्तेमाल करना गंभीर विषय है।
पुलिस मुख्यालय ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच कराई जा रही है। यदि सेवा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ सेवा से बर्खास्तगी सहित अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
