यूएसडीएमए के संयुक्त सीईओ मो. ओबैदुल्लाह अंसारी को भावभीनी विदाई, चार वर्षों के योगदान को किया गया याद। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यूएसडीएमए के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे मो. ओबैदुल्लाह अंसारी को शनिवार को यूएसडीएमए भवन में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। उनका स्थानांतरण पंचायती राज विभाग में होने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि अंसारी ने अपने लगभग चार वर्ष के कार्यकाल में विभाग को उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने सचिवालय से यूएसडीएमए कार्यालय को आईटी पार्क स्थानांतरित करने की पूरी प्रक्रिया में दिन-रात कार्य करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही विभिन्न आपदाओं के दौरान जनपदों, राहत एवं बचाव एजेंसियों तथा संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने कहा कि अंसारी ने अपने दायित्वों का निर्वहन सदैव पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं कार्यकुशलता के साथ किया। आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उन्होंने प्रत्येक परिस्थिति में सकारात्मक सोच, त्वरित निर्णय क्षमता तथा समन्वयपूर्ण कार्यशैली का परिचय दिया। उनके कार्यों से विभाग को नई कार्यसंस्कृति और मजबूती मिली है।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अंसारी के साथ कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं शुभकामनाएं भेंट कीं। अपने संबोधन में मो. ओबैदुल्लाह अंसारी ने यूएसडीएमए परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग में कार्य करना उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं सीखने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग सदैव प्रेरणादायी रहा और इस कार्यकाल की स्मृतियां उनके लिए हमेशा विशेष रहेंगी।
