ब्लैकमेलिंग और अभद्र टिप्पणी के आरोप में उर्मिला सनावर गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20261025-WA0018.jpg

हरिद्वार में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणी करने, ब्लैकमेलिंग और पांच करोड़ रुपये की मांग करने के आरोप में उर्मिला सनावर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूर्व ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर की पुत्री की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। हरिद्वार पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उसके घर से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

हरिद्वार पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कोतवाली रानीपुर में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिससे उसकी छवि और परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी महिला ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं और स्त्री अशिष्ट रूपण अधिनियम के तहत मुकदमा अपराध संख्या 387/26 दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को सहारनपुर, उत्तर प्रदेश स्थित आरोपी महिला के घर पर दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला को संबंधित मामले में न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता की ओर से दर्ज कराए गए हैं और इनकी पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed