जिला सहकारी बैंकों के प्रशासकों में बड़ा बदलाव, विभागीय अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी। Uttarakhand 24×7 Live news

0
IMG-20260610-WA0053.jpg

उत्तराखंड शासन ने जिला सहकारी बैंकों के प्रभावी एवं सुचारू संचालन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रदेश के 10 जनपदों में मुख्य विकास अधिकारियों से बैंक प्रशासक का दायित्व वापस लेकर सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंप दी है। इस संबंध में शासन द्वारा मंगलवार देर रात्रि आदेश जारी कर दिए गए हैं।
शासन के अनुसार मुख्य विकास अधिकारियों के पास विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की व्यापक जिम्मेदारियां होने के कारण जिला सहकारी बैंकों के संचालन को अधिक समय और विशेषज्ञता प्रदान करने हेतु विभागीय अधिकारियों को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इससे बैंकिंग कार्यों में गति आएगी तथा निर्णय प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बन सकेगी।
जारी आदेश के अनुसार देहरादून जिला सहकारी बैंक में अपर निबंधक ईरा उप्रेती को प्रशासक नियुक्त किया गया है। हरिद्वार जिला सहकारी बैंक में अपर निबंधक आनंद शुक्ल को यह दायित्व सौंपा गया है।
इसी प्रकार कोटद्वार जिला सहकारी बैंक में गढ़वाल मंडल के उप निबंधक सुरेंद्र पाल, चमोली जिला सहकारी बैंक में उप निबंधक मोनिका चुनेरा, तथा ऊधम सिंह नगर जिला सहकारी बैंक में संयुक्त निबंधक एम.पी. त्रिपाठी को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी एवं टिहरी जिला सहकारी बैंक में संयुक्त निबंधक रमिंद्री मंद्रवाल को प्रशासक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक में उप निबंधक कुमाऊँ मंडल राजेश चौहान, नैनीताल जिला सहकारी बैंक में संयुक्त निबंधक नीरज बेलवाल तथा पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक में उप निबंधक मुख्यालय मनोज कुमार पुनेठा को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
शासन का मानना है कि अनुभवी विभागीय अधिकारियों की तैनाती से जिला सहकारी बैंकों के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा सहकारी बैंकिंग सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जनोन्मुखी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed