30 जून तक खत्म होंगे शिक्षकों के अटैचमेंट, गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई मंत्री। Uttarakhand 24×7 Live news
उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में लंबे समय से चल रहे शिक्षकों और कर्मचारियों के अटैचमेंट अब समाप्त किए जाएंगे। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को 30 जून तक सभी अटैचमेंट खत्म करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि विभिन्न विद्यालयों, विभागीय कार्यालयों और अन्य संस्थानों में संबद्ध शिक्षकों को अपने मूल विद्यालयों में वापस लौटना होगा। उन्होंने कहा कि कई शिक्षक और कर्मचारी वर्षों से मूल तैनाती स्थल से दूर कार्यरत हैं, जिससे विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और पढ़ाई प्रभावित हो रही है। निर्धारित समय सीमा तक वापस न लौटने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के संबद्धीकरण आदेश भी निरस्त किए जाएंगे।
वहीं शिक्षा मंत्री ने मिड-डे मील योजना में गड़बड़ी की शिकायतों का भी संज्ञान लिया है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी और देहरादून के कई ब्लॉकों में जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों के पोषण से जुड़ी योजना में किसी भी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
