मानसून में राहत-बचाव को यूकाडा पूरी तैयार। Uttarakhand 24×7 Live news
आगामी मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण यानी यूकाडा ने आपदा प्रबंधन के लिए बड़ी तैयारी की है। चारधाम यात्रा में संचालित प्रत्येक हेली कंपनी द्वारा 10-10 घंटे के निःशुल्क फ्लाइंग ऑवर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका उपयोग राहत और बचाव कार्यों में किया जाएगा।
प्रदेश में वर्तमान में संचालित आठ हेली कंपनियों ने कुल 80 घंटे के निःशुल्क फ्लाइंग ऑवर यूकाडा को उपलब्ध कराए हैं। इनका उपयोग मेडिकल इमरजेंसी, एयर रेस्क्यू और दुर्गम क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। अप्रैल से अब तक 100 से अधिक श्रद्धालुओं को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा चुका है।
यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि हेली कंपनियों के चयन के दौरान ही इस व्यवस्था को अनिवार्य किया गया था, ताकि आपदा या आपात स्थिति में त्वरित हवाई सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वहीं यूकाडा के हेड ऑफ ऑपरेशन अमित शर्मा ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ क्षेत्र से 100 से अधिक लोगों को मेडिकल इमरजेंसी में एयर रेस्क्यू सुविधा दी गई है।
