जनसुनवाई में सीएम धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश। Uttarakhand 24×7 Live news
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लोहियाहेड हेलीपैड पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर किसानों से जुड़ी समस्याओं को भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए ताकि खेती-किसानी प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा और कृषि उत्पादन बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य और राजस्व से संबंधित कई मामले भी सामने आए, जिन पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
