राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस अलर्ट, कुमाऊं से पौड़ी तक बड़े कार्यक्रम। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी दी कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 4 और 5 जून को उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान कुमाऊं क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिकों के सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे और उनसे संवाद भी करेंगे। बताया गया कि पौड़ी में आयोजित कार्यक्रम दोपहर लगभग 3 बजे प्रस्तावित है, जहां राहुल गांधी पूर्व सैनिकों की समस्याओं, सुझावों और मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि अगले दिन राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला और प्रकोष्ठ अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों और संगठन से जुड़े तमाम पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी रणनीति और प्रदेश के राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने और अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
