देहरादून में थार से तमंचा बरामद, दो बदमाश गिरफ्तार। Uttarakhand 24×7 Live news
देहरादून में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। देर रात पौंधा रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध थार वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन सवार दो युवकों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समर्थ और ऋषभ गोस्वामी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और क्षेत्र में उनकी गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों की थार गाड़ी को भी सीज कर दिया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और अपराधियों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
